पहला बच्चा पैदा करने के लिए क्यों 26 से 31 की उम्र है सबसे बेस्ट?
क्या आप भी फैमिली प्लानिंग की सोच रहे हैं? अगर हां, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। हाल ही में हुए एक बड़े अध्ययन से यह बात सामने आई है कि आप किस उम्र में अपने पहले बच्चे को जन्म देते हैं, इसका सीधा असर आपके भविष्य की सेहत, खुशी और यहां तक कि आपकी आर्थिक स्थिति पर भी पड़ता है।
‘PLOS One’ में पब्लिश इस नई रिसर्च के अनुसार, पेरेंट्स बनने की उम्र आपकी लॉन्ग टर्म एजुकेशनल और फाइनेंशियल सक्सेस का एक बड़ा संकेत है। आइए जानते हैं कि क्यों इस रिसर्च में माता-पिता बनने की ‘परफेक्ट’ उम्र 26 से 31 बताई गई है।
क्या है बच्चा पैदा करने की ‘परफेक्ट’ उम्र?
जॉर्डन मैकडोनाल्ड और डेविड स्पीड नाम के शोधकर्ताओं ने इस विषय की गहराई तक जाने के लिए 6,282 माता-पिता के डेटा का विश्लेषण किया। उन्होंने ‘प्रतिबंधित क्यूबिक स्प्लाइन रिग्रेशन’ नामक एक विशेष सांख्यिकीय तकनीक का इस्तेमाल किया। इस स्टडी का खास मकसद यह जानना था कि कम उम्र में माता-पिता बनने के जो नुकसान होते हैं, वे किस उम्र में जाकर स्थिर होने लगते हैं।
आंकड़ों के विश्लेषण के बाद शोधकर्ताओं ने पाया कि, पहला बच्चा पैदा करने की सबसे बेहतरीन उम्र 26 से 31 साल के बीच है। अगर इसमें भी सबसे सटीक और बेस्ट ऐज की बात करें, तो वह 29 साल है।
रिसर्च में एक अहम बात यह भी सामने आई कि जो लोग कम उम्र में पेरेंट्स बन जाते हैं, वे उन लोगों के मुकाबले कम पैसा कमा पाते हैं जो बाद की उम्र में बच्चे पैदा करते हैं।
26 से 31 की उम्र ही क्यों है सबसे खास?
अब सवाल यह उठता है कि इसी खास उम्र को इतना आदर्श क्यों माना जा रहा है? शोधकर्ताओं ने इसके पीछे बेहद व्यावहारिक कारण बताए हैं:
करियर में स्थिरता: 26 से 31 साल की उम्र तक आते-आते ज्यादातर लोग अपनी नौकरी या बिजनेस में अच्छी तरह से सेटल हो जाते हैं।
कम दबाव और तनाव: आर्थिक और व्यावसायिक स्थिरता होने के कारण बच्चे की परवरिश का बोझ या दबाव कम महसूस होता है।
ज्यादा मैच्योरिटी: इस उम्र तक लोग मानसिक रूप से ज्यादा मैच्योर हो जाते हैं। वे अपनी जिम्मेदारियों और जीवन के तनाव को ज्यादा बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं।
मजबूत रिश्ते: ऐसे लोग अपने पारिवारिक जीवन और आपसी रिश्तों में भी ज्यादा स्थिर होते हैं, जो एक बच्चे के अच्छे माहौल के लिए जरूरी है।



